हैडलाइन

कुलदीप का पंच, भारत और जीत के बीच बारिश बन सकती है बाधा

चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव के ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहले ही टेस्ट में पांच विकेट की बदौलत भारत ने मेजबान टीम को चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन पहली पारी में ३०० रन पर आउट करके फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। खराब रोशनी के कारण जब चौथे दिन का खेल समाप्त घोषित किया गया तब ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना विकेट खोए छह रन बना लिए थे। मार्कस हैरिस दो जबकि उस्मान ख्वाजा चार रन बनाकर खेल रहे थे।

कुलदीप ने सीरीज में पहला मैच खेलते हुए ९९ रन देकर पांच विकेट चटकाए जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में १०४.५ ओवर में ३०० रन पर आउट हो गई। भारत ने ३२२ रन की बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन करने के लिए कहा।

सुबह का सत्र बारिश और खराब रोशनी की भेंट चढ़ने के बाद स्थानीय समयानुसार एक बजकर ५० मिनट पर खेल शुरू हुआ। इसके बाद एक बार फिर मौसम खराब हुआ और निर्धारित समय से जल्दी चायकाल का विश्राम ले लिया गया। बारिश और खराब रोशनी का खेल इसके बाद भी जारी रहा और फिर कोई और गेंद नहीं फेंकी जा सकी।

भारत ने सुबह तुरंत ही नई गेंद ले ली। मोहम्मद शमी (५८ रन पर दो विकेट) ने खेल शुरू होने पर छठी गेंद पर ही पैट कमिंस (२५) को बोल्ड कर दिया। कमिंस शमी की नीची रहती गेंद को बिलकुल भी नहीं समझ पाए और अपने स्टंप गंवा बैठे। जसप्रीत बुमराह (६२ रन पर एक विकेट) ने पीटर हैंड्सकॉम्ब (३७) की धैर्यपूर्ण पारी का अंत किया। वह बुमराह की गेंद को विकेटों पर खेल गए।

कुलदीप ने नाथन लायन (००) को पगबाधा करके ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका दिया। ऑस्ट्रेलिया ने ४४ गेंद के भीतर २२ रन पर तीन विकेट गंवाए। कुलदीप को तुरंत ही पांच विकेट लेने का मौका लेकिन हनुमा विहारी ने मिड आन पर जोश हेजलवुड (२१) का कैच टपका दिया जबकि बल्लेबाज ने खाता भी नहीं खोला था। इसके बाद विहारी के कंधे मे भी चोट लगी और हार्दिक पंड्या को उनकी जगह फील्डिंग के लिए उतरना पड़ा।

हेजलवुड और मिशेल स्टार्क (नाबाद २९) ने १०वें विकेट के लिए ४२ रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर ३०० रन तक पहुंचाया। कुलदीप ने हेजलवुड को पगबाधा करके ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। हेजलवुड ने डीआरएस का सहारा लिया लेकिन तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया।

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन के लिए कहा। इंग्लैंड के खिलाफ नाटिंगम में २००५ के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम को फॉलोऑन के लिए मजबूर होना पड़ा है। घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलियाई टीम १९८८ के बाद पहली बार फॉलोऑन खेल रही है। तब भी उसे इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में ही फॉलोऑन का सामना करना पड़़ा था। इससे पहले लगातार बारिश और खराब रोशनी के कारण सुबह के सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर सुबह निर्धारित समय से आधा घंटा पहले १० बजे खेल शुरू होना था लेकिन रात भर हुई तेज बारिश और खराब रोशनी के कारण ऐसा नहीं हो पाया। कुछ समय बाद रोशनी में सुधार हुआ और अंपायरों ने ११ बजे मैच शुरू करने का फैसला किया लेकिन इससे पहले बारिश आ गई। इसके बाद लंच के समय तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ और सुबह के सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।

ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर २३६ रन बनाए थे। भारत ने इससे पूर्व चेतेश्वर पुजारा (१९३) और ऋषभ पंत (नाबाद १५९) की पारियों की बदौलत पहली पारी सात विकेट पर ६२२ रन बनाने के बाद घोषित की थी। भारत ने ऐडिलेड में ३१ रन और मेलबर्न में १३७ रन की जीत के साथ चार मैचों की सीरीज में २-१ की अजेय बढ़त बना रखी है। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में दूसरा टेस्ट १४६ रन से जीता था। 



Most Popular News of this Week

कोकण विभागीय माहिती...

माहिती व जनसंपर्क महासंचालनालयातील अमोल महाजन यांनी आज विभागीय माहिती...

कोकणवासीयांची प्रतीक्षा...

छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस ते सावंतवाडी रोड दरम्यान नियमित एक्सप्रेस...

कोकणवासीयांची प्रतीक्षा...

छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस ते सावंतवाडी रोड दरम्यान नियमित एक्सप्रेस...

कोकणवासीयांची प्रतीक्षा...

छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस ते सावंतवाडी रोड दरम्यान नियमित एक्सप्रेस...

वृक्षांना इजा पोहोचवणे आणि...

मुंबईतील वृक्षांचे संरक्षण आणि पर्यावरणीय समतोल अबाधित राखण्यासाठी...

सचिन अहिर यांच्या...

महाराष्ट्र विधानपरिषदेचे उपसभापती सचिन अहिर यांच्या नेतृत्वाखाली...