हैडलाइन

ऐसा कोई बचा नहीं, जिसमें भ्रष्टाचार हुआ नहीं: गोयल

 मुंबई: पिछले साढ़े चार साल तक देश में राज करने वाली भाजपा अभी भी पिछली कांग्रेस सरकार के घोटाले और भ्रष्टाचार को नहीं भूल पाई है। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी फिर पिछली मनमोहन सिंह सरकार के भ्रष्टाचार और घोटाले को चुनावी मुद्दा बनाएगी। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इसका संकेत दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोयल ने कांग्रेस शासन में हुए उन सभी घोटाले और भ्रष्टाचार का जिक्र किया जिसका पिछले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने प्रचार कर वोट हासिल किया था। गोयल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में ऐसा कोई सेक्टर नहीं बचा था जिसमें कांग्रेसियों ने घोटाले नहीं किए हो।

किसी भी गठबंधन से फर्क नहीं पड़ता

उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन को बेमेल गठबंधन करार देते हुए कहा कि किसी भी गठबंधन का भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को किसी भी गठबंधन से डर नहीं है। विपक्ष को पूरी छूट है वह जिसके साथ चाहें गठबंधन कर सकते हैं, क्योंकि उनके पास न कोई वैचारिक आधार है, न कोई नीति है। अब देश की जनता को तय करना है कि उन्हें मजबूत सरकार चाहिए या मजबूर सरकार चाहिए। पहले हर घोटाले के पीछे मजबूरियां गिनाई जाती थीं, अब घोटालेबाजों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है। गोयल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में हमारा लक्ष्य देश में 51 प्रतिशत वोट हासिल करना है। भाजपा इसी टार्गेट को लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी।

मुंबई की लोकल ट्रेन समस्या से बचते रहे गोयल

मुंबई के रहने वाले रेल मंत्री पीयूष गोयल यहां की लोकल ट्रेन की समस्या से संबंधित सवालों से बचते रहे। लोकल ट्रेन की समस्याओं के बारे में पूछने पर उन्होंने कांग्रेस सरकार को ही जिम्मेदार ठहराया। लोकल ट्रेन की समस्याओं को छोड़ दावा करते रहे कि उनकी सरकार ने जितना कुछ किया है उतना पिछली कांग्रेस सरकार ने 50 साल में भी नहीं किया। जितना पैसा मुंबई को दिया है उतना कभी कांग्रेस ने नहीं दिया। प्लैटफॉर्म की सफाई का गुणगान करते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल पहले प्लैटफॉर्म की क्या हालत थी और आज क्या है? फुट ओवर ब्रिज से लेकर सीसीटीवी, स्वच्छता, एस्केलेटर्स आदि सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। मुंबई के उपनगरों में हमने 100 से अधिक लोकल ट्रेनों की सर्विस शुरू की। रेल मंत्री ने कहा कि देश में 6,000 स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहे हैं। इसके अलावा स्टेशन को वाई-फाई से जोड़ने का काम तेज गति से चल रहा है। रेलवे में प्रतिदिन तकरीबन दो करोड़ यात्री सफर करते हैं, इसलिए रेल यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है।

काले धन को टाल गए

पिछले लोकसभा चुनाव प्रचार में नरेंद्र मोदी ने काला धन और राम मंदिर एक बड़ा मुद्दा बनाया था और काला धन देश में लाने की बात कही थी। इस सवाल पर गोयल ने टालमटोल जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में लोग कर्ज लेकर पैसा विदेश भेज देते थे अब यह रुक गया है। इससे देश को बहुत लाभ हुआ है, जो काले धन का काम करते थे,उन्होंने अपनी गतिविधियां बंद कर दी है। राम मंदिर के बाबत कहा कि देश में रहने वाले लोग ही नहीं, बल्कि विदेश में रहने वाले लोग भी चाहते है कि राम मंदिर बने पर कांग्रेस वाले अडंगा डाले बैठे हैं। कांग्रेस के एक नेता दावा करते हैं कि राम मंदिर कांग्रेस के शासन में बनेगा तो दूसरा नेता सुप्रीम कोर्ट में जाकर राम मंदिर बनाने में अडंगा डालता है।

समय पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

मुंबई से अहमदाबाद के बीच प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के अपने समय पर ही दौड़ेगी। रेल मंत्री ने बताया कि बुलेट ट्रेन के 508 किमी में से 350 किमी पर सर्वे का काम शुरू कर लिया गया । 25 में से 8 ठेके दिए जा चुके हैं। बुलेट ट्रेन में काम करने वालों को जापान और भारत में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रेल मंत्री ने दावा कि कांग्रेस के शासन में सालों साल से चली आ रही परियोजना को पूरा करने की प्राथमिकता हमारी सरकार ने दी गई है।

ममता बनर्जी पर निशाना

गोयल ने आयुष्मान योजना लागू नहीं करने पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। रेल मंत्री ने कहा कि बंगाल में आयुष्मान योजना के लागू न होने से करीब 4 से 5 करोड़ लोग 5 लाख के मुफ्त इलाज से वंचित रह जाएंगे। इसके लिए ममता बनर्जी दोषी हैं। ऐसा वह क्यों कर रही है इसका जवाब वही दे सकती हैं। दरअसल वे भाजपा से घबरा गई है इसलिए तो भाजपा को रैली भी नहीं करने दे रही है।



Most Popular News of this Week

नालेसफाईच्या नावावर...

पावसाळ्यापूर्वी शहरातील नालेसफाई शंभर टक्के पूर्ण झाल्याचा दावा मुंबई...

राहुल शेवाळे यांच्या...

शिवसेना झोपडपट्टी महासंघाच्या वतीने इयत्ता KG, Sr. KG व इयत्ता पहिलीमध्ये...

वर्ल्ड योगासन चॅम्पियनशिप...

'पहिल्या वर्ल्ड योगासन चॅम्पियनशिप २०२६' मध्ये चंद्रपूर जिल्ह्याच्या...

पिण्याच्या पाण्याच्या...

'अल नि‍नो'मुळे पावसाने ओढ दिल्‍याने आणि मुंबई महानगराला पाणीपुरवठा...

दिव्यांगांच्या सर्वांगीण...

जिल्ह्यातील दिव्यांग बांधवांच्या सर्वांगीण विकासाला गती देण्यासाठी आणि...

शाळेच्या पहिल्या दिवशी...

जिल्हा परिषद शाळांच्या नवीन शैक्षणिक वर्षाच्या प्रारंभी आयोजित...