मुंबई, आईआरसीटीसी द्वारा २६ जनवरी से शिर्डी साई बाबा मंदिर में वीआईपी दर्शन के लिए टिकट बुक कराने का विकल्प मिलेगा। जो यात्री शिर्डी साई नगर, कोपरगांव, मनमाड, नासिक या नागरसोल के लिए टिकट बुक करेंगे, उन्हें ये विकल्प मिलेगा। साई दर्शन के लिए टिकट बुक करनेवाले यात्री बिना कतार के डायरेक्ट दर्शन कर सकते हैं।
बुकिंग के वक्त होगा विकल्प
आईआरसीटीसी द्वारा इंटरनेट टिकट बुक कराने के दौरान ये विकल्प मौजूद रहेगा। जिन यात्रियों को बुकिंग के दौरान टिकट कंफर्म रहेगा, उन्हें ये विकल्प मिलेगा। शुरुआत में इस सुविधा का शुल्क लगेगा लेकिन आईआरसीटीसी के अनुसार भविष्य में नि:शुल्क दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। अभी शिर्डी में साई दर्शन के लिए केवल ६० दिन पहले ही एडवांस बुकिंग होती है, जबकि आईआरसीटीसी पर टिकट बुकिंग के लिए १२० दिन का एडवांस समय होता है।
और भी मंदिरों के लिए होगी बात
आईआरसीटीसी से बुकिंग के वक्त देशभर के अन्य मंदिरों के लिए भी टिकट बुकिंग का विकल्प दिए जाने की उम्मीद है। इनमें तिरुपति बालाजी, सिद्धि विनायक और रामेश्वरम जैसे विश्व प्रसिद्ध मंदिरों का नाम शामिल है। रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आस्था सर्किट को जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न जोन को उनके क्षेत्र में प्रसिद्ध मंदिरों के जोड़ने की सलाह दी गई है।