हैडलाइन

क्रिकेट टूर्नामेंट के फोटो ने डॉन रवि पुजारी को किया क्लीन बोल्ड

मुंबई :  अंडरवर्ल्ड सरगना अमूमन सामाजिक गतिविधियों से दूर रहते हैं, पर रवि पुजारी भारत में उगाही के धमकी भरे फोन करने के बाद दो अलग-अलग देशों में सार्वजनिक गतिविधियों में भी शामिल रहता था। इसी में जांच एजेंसियों को उसका लोकेशन मिल गया। एक टॉप रैंक के अधिकारी के अनुसार, सेनेगल, जहां वह 22 जनवरी को पकड़ा गया, वहां एक आदमी का टी शर्ट पहना फोटो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हो गया था। इस टी शर्ट पर लिखा हुआ था- '10 इंडियन  सेनेगल क्रिकेट क्लब।' जब टी शर्ट वाले इस शख्स के बाजू वाले व्यक्ति को गौर से देखा गया तो पता चला कि यह तो रवि पुजारी है। तब सेनेगल क्रिकेट क्लब और संबंधित क्रिकेट टूर्नामेंट के बारे में जानकारी निकाली गई तो पता चला कि कुछ सप्ताह पहले बुर्किना फासो में एक क्रिकेट टूर्नामेंट हुआ था, जिसमें सेनेगल क्रिकेट क्लब की टीम ने भी भाग लिया था। रवि पुजारी उसी टूर्नामेंट के सिलसिले में वहां आया हुआ था। जांच एजेंसियां उसका बुर्किना फासो का तो लोकेशन नहीं निकाल पाईं, पर भारतीय जांच अधिकारियों को इतना जरूर पता चल गया कि वह किसी होटल में बैठने अक्सर सेनेगल जाता है। जब और जानकारी निकाली गई तो पता चला कि उसने यह होटल अपने किसी दोस्त के नाम पर लिया हुआ है। उसके बाद जांच एजेंसियों ने कई दिन तक इस होटल के बाहर ट्रैप लगाया और 22 जनवरी को लोकल पुलिस और इंटरपोल के जरिए उसे गिरफ्तार करवाया। तलाशी के दौरान उसके पास से एंथनी फर्नांडेज नाम का फर्जी पासपोर्ट मिला। 

रवि पुजारी के बुर्किना फासो और सेनेगल में होने के कुछ-कुछ सुराग जांच एजेंसियों को तब भी मिलने लगे थे, जब पता चला था कि अमेरिका में प्रॉपर्टी निवेश केस को लेकर वह वहां किसी वकील से नियमित संपर्क में रहता है। दरअसल इस डॉन ने भारत से उगाही के जरिए कमाई गई रकम से अमेरिका में काफी निवेश किया था। लेकिन यह निवेश अपने नाम से नहीं, बल्कि कुछ यूरोपीय नारिकों के जरिए किया था, लेकिन बाद में इन यूरोपीय लोगों ने उसकी काफी प्रॉपर्टी हड़प ली थी। 

रवि पुजारी ने इसी सिलसिले में इन यूरोपियों के खिलाफ अमेरिकी कोर्ट में मुकदमा दायर किया था। इस डॉन को सेनेगल से भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया मुंबई पुलिस स्तर पर अभी भी चल रही है। हालांकि उसके खिलाफ मुंबई में मकोका के तहत 26 मामले दर्ज हैं। पर क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के अनुसार, हमने फिलहाल सात से नौ केसों का मराठी से अंग्रेजी अनुवाद करवाकर दिल्ली में केंद्रीय जांच एजेंसियों को भेज दिया है। उसके फिंगर प्रिंट्स और उसके परिवार के डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट भी भेजी गई है। रवि पुजारी खुद को रवि पुजारी मान ही नहीं रहा है। उसका कहना है कि वह एंथनी फर्नांडेज है। इसीलिए वह सेनेगल में अपनी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के खिलाफ कोर्ट चला गया है। 



Most Popular News of this Week

विद्याविहार रेल्वे...

घाटकोपर परिसरातील पूर्वेकडील रामचंद्र चेंबूरकर मार्ग आणि पश्चिमेकडील...

‘नटसम्राट’ हरपला! ज्येष्ठ...

भारतीय चित्रपटसृष्टीतील आपल्या दमदार अभिनयाने, भारदस्त आवाजाने आणि...

मंत्री छगन भुजबळ व माजी...

सर्वसामान्य नागरिकांना वेळेवर आणि दर्जेदार आरोग्यसेवा उपलब्ध व्हावी,...

विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट...

बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा नवनिर्मित विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर...

वडाला में कांग्रेस ने मनाया...

मुंबई के वडाला रेलवे स्टेशन के बाहर कांग्रेस की ओर से ‘लोकतंत्र का काला...

MLA सना मलिक शेख की पहल पर भव्य...

युवाओं के रोजगार और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए, MLA सना मलिक शेख की ओर...