पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले में पिछले सप्ताह अमेरिका से आए एक व्यक्ति पर कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए घर में पृथक रहने के आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि व्यक्ति 23 मार्च को अमेरिका से वसई क्षेत्र पहुंचा था और जांच के बाद उसे पृथक रहने को कहा गया था। पुलिस प्रवक्ता हेमंत काटकर ने बताया कि 28 मार्च को वह क्षेत्र में घूमते हुए पाया गया। रविवार को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि हालांकि उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए जिले में निषेधाज्ञा लागू है।