पनवेल के 33 अवैध होर्डिंगो को तोडा जाएगा
पनवेल। पनवेल मनपा क्षेत्र में पिछले कई महीनों और वर्षों से 33 अवैध होर्डिंग्स लगाए गए थे. हालांकि पहले की मनपा प्रशासन ने इस संबंध में कोई भूमिका नहीं लेने से अवैध होर्डिगों के कारण मनपा के राजस्व का भारी नुकसान हुआ है. मुंबई में होर्डिंग हादसे में लोगों की मौत के बाद पनवेल मनपा ने अवैध होर्डिगों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है।
पनवेल मनपा इलाके में मनपा द्वारा अनुमति दी गई और उस अनुमति के नवीनीकरण की अवधि समाप्त हुई, संरचनात्मक ऑडिट नहीं किये गए 87 होर्डिंग हैं. इन होर्डिगों को मनपा उपायुक्त मारुति गायकवाड़ ने नोटिस जारी किया है और होर्डिंग लगाने वाली कंपनियों या निजी व्यक्तियों को सात दिनों के भीतर वीजेटीआई से बोर्ड के टावर की संरचनात्मक ऑडिट रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है. इस बीच मनपा ने सर्वे कराया और जानकारी ली कि मनपा क्षेत्र में कितने अवैध होर्डिंग हैं।
मनपा के सर्वे में 33 होर्डिंग्स बिना अनुमति के लगाए जाने का सामने आया. यह अवैध कारोबार होर्डिंग व्यवसायी, कुछ मनपा अधिकारियों, स्थानीय गुंडों और जन प्रतिनिधियों की मिलीभगत से शुरू किया गया है. इससे पहले भी मनपा ने अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन मनपा के वार्ड अधिकारियों की लापरवाही के कारण ये अवैध होर्डिंग्स लग गए थे. मनपा आयुक्त डाॅ. प्रशांत रसाल के निर्देश के बाद उपायुक्त मारुति गायकवाड़ ने सोमवार से बुधवार तक 33 अवैध बोर्ड तोड़ने के लिए एक टीम नियुक्त की है. उपायुक्त गायकवाड़ के मुताबिक, सबसे अधिक अवैध होर्डिंग तलोजा इलाके में हैं।