एलिवेटेड मेट्रो के निर्माणकार्य से सड़कों पर होनेवाले ट्रैफिक का डर अब पवई के स्थानीय लोगों को भी सता रहा है। इसी के चलते पवई की स्थानीय और गैर सरकारी संस्था `अग्नि’ ने एलिवेटेड मेट्रो-६ का विरोध तेजी से करना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोग लोखंडवाला के स्वामी समर्थ नगर से विक्रोली तक मेट्रो-६ को अंडर ग्राउंड करने की मांग कर रहे हैं।
अंडर ग्राउंड मेट्रो एक अच्छा विकल्प होगा इसके प्रति हीरानंदानी कॉम्प्लेक्स, आईआईटी-पवई, चांदिवली और कस्टम कॉलोनी के लोगों में जागरूकता पैâलाई जा रही है। पवई की स्थानीय नागरिक अनुराधा मकवाना का कहना है कि जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड मुख्य मार्ग है। यहां एलिवेटेड मेट्रो के निर्माणकार्य के कारण तकनीकी दिक्कतें आएंगी, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होगी। मेट्रो-६ को एलिवेटेड न किया जाए, इसे लेकर फेसबुक और ट्वीटर पर भी अभियान चला रहे हैं। साथ ही वे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से भी मिलने की कोशिश में लगे हैं। बता दें कि मेट्रो-६ लोखंडवाला से शुरू होगी और जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड से होते हुए ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे तक जाएगी जहां इसका अंतिम स्टेशन होगा। वहीं एमएमआरडीए प्रशासन स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए अंडर ग्राउंड मेट्रो का विकल्प खोजने में लगा है। हालांकि मेट्रो-६ के निर्माणकार्य के लिए बैरिकेट लगना शुरू हो गए हैं। जानकारी के अनुसार ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है कि स्थानीय लोग अंडर ग्राउंड मेट्रो की मांग कर रहे हैं। इससे पहले पश्चिमी उपनगर के लोगों ने भी मेट्रो-२बी (डीएन नगर से मंडाले) को अंडर ग्राउंड करने की मांग की थी।